जीवन बीमा निगम (एलआइसी) अपनी सभी चालू पॉलिसियों को 30 सितंबर से बंद करने जा रहा है. वह अब नए रंग-रूप में सबके सामने आएंगी. इसके साथ ही एक अक्टूबर से नई पॉलिसी लेने पर उपभोक्ताओं को 3.09 प्रतिशत का सेवा कर भी देना होगा. हालांकि पुराने पॉलिसी धारकों पर इस फैसले का कोई असर नहीं पड़ेगा.
दरअसल, बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (आइआरडीए) 22 से ज्यादा निजी बीमा कंपनियों के प्रीमियम पर 3.09 प्रतिशत सर्विस टैक्स चार्ज करता है, लेकिन सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनी एलआइसी इसे पॉलिसी धारकों से वसूलने के बजाय खुद वहन करती है. निजी कंपनियां इस पर आइआरडीए से लगातार आपत्ति दर्ज करा रही थीं.
हाल में आइआरडीए ने एलआइसी को भी सभी पॉलिसी पर सर्विस टैक्स चार्ज करने के आदेश दिए. इसके बाद एलआइसी के सामने समस्या थी कि वह पुरानी पॉलिसी पर कैसे सर्विस टैक्स वसूले, क्योंकि वह पहले ही पॉलिसी बांड लोगों से बिना सर्विस टैक्स के भरवा चुकी है.
इस समस्या से निजात को अब एलआइसी ने अपनी सभी पुरानी पॉलिसी बंद करने का फैसला किया है. सूत्रों की मानें, तो 40 से ज्यादा पुरानी पॉलिसी 30 सितंबर से बंद करने की तैयारी है. इसका पूरा खाका तैयार हो गया है. एक अक्टूबर से पुरानी पॉलिसी के स्थान पर नई पॉलिसी लांच करने की तैयारी है. हालांकि पॉलिसी के नाम पुरानी पॉलिसी से मिलते-जुलते ही होंगे. नई पॉलिसी कराने पर अब उपभोक्ता को प्रीमियम के साथ सर्विस टैक्स भी देना होगा. जो लोग 30 सितंबर तक पॉलिसी कराएंगे, वह सर्विस टैक्स की जद से बाहर रहेंगे.
हालांकि यह पूरी कवायद बेहद गोपनीय तरीके से चल रही है, लेकिन लोगों को इसकी भनक लग चुकी है. लोग जानकारी करने को एलआइसी एजेंट व अधिकारियों के पास जा रहे हैं. उन्हें पूरी सूचनाएं देकर संतुष्ट करने के साथ ही 30 सितंबर तक पॉलिसी कराकर सर्विस टैक्स मुक्ति का लाभ लेने की बात समझाई जा रही है.
तैयार हो रहा है प्रपोजल
एलआइसी आगरा मंडल की वरिष्ठ प्रबंधक एन. सेन्नि सुब्बु का कहना है कि आइआरडीए की गाइड लाइन सर्विस टैक्स लागू करने की है. इस आधार पर एक अक्टूबर से 3.09 प्रतिशत सर्विस टैक्स प्रीमियम पर वसूलने का प्रपोजल तैयार है. पुराने पॉलिसी धारकों से प्रीमियम के साथ सर्विस टैक्स वसूला नहीं जा सकता, इसलिए निगम मुख्यालय से नई पॉलिसी लाने का प्रपोजल तैयार कर आइआरडीए को भेजा गया है, मात्र स्वीकृति की प्रतीक्षा है.

September 7, 2013 at 7:22 AM
हर किसी को जल्द से जल्द एक एलआईसी की पॉलिसी ले ही लेनी चाहिये.